400 डॉक्टर्स क्रिकेट मैदान में दिखाएंगे दमखम:जयपुर में डॉक्टर प्रीमियर लीग सीजन – 17 की हुई शुरुआत

एक ओर जहां चैम्पियन ट्रॉफी के मैचों को लेकर लोगों में उत्साह है। वहीं दूसरी ओर डॉक्टर्स सोशल एण्ड वेलफेयर सोसायटी द्वारा जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित डॉक्टर्स क्रिकेट प्रीमियर लीग में बैट और बॉल का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। डॉक्टर्स क्रिकेट प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण का उद्घाटन समारोह रविवार 18 फरवरी को जय क्लब में आयोजित किया गया। जिसमें महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज के वाईस चांसलर और चेयरमैन डॉ एमएल स्वर्णकार, विशिष्ट अतिथि सोनी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के एमडी डॉ. बीआर सोनी, महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज के चीफ एडवाइजर टू द चेयरमैन डॉ. सुधीर सचदेवा मौजूद रहे। इस दौरान टीमों के फ्रेंचाइजीज ने खूबसूरत मॉडल्स के साथ रैम्प वॉक किया। डॉक्टर्स प्रीमियर लीग के आयोजकों ने बताया कि यह एक अनूठी क्रिकेट लीग है। जो आईपीएल की तर्ज़ पर डॉक्टरों के बीच खेली जाती है। इस लीग के फर्स्ट सीजन 2009 में शुरू हुआ था। जिसमें उस वक्त सिर्फ चार टीम थीं। लेकिन इस बार के सीजन में 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस साल लीग की सोशल थीम ‘हेल्थ फॉर ऑल’ है। इसका उद्देश्य मेडिकल सेक्टर और समाज में आम लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। डॉक्टर प्रीमियर लीग के चेयरमैन डॉ. शिवराज सिंह राठौड़ ने बताया कि डॉक्टर सोशल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के नेतृत्व में खेली जाने वाली डॉक्टर्स प्रीमियर लीग का आयोजन सफलताओं के आसमान को छू रहा है। एक महीने तक सवाई मानसिंह मेडिकल क्रिकेट ग्राउंड पर खेली जाने वाली डॉक्टर्स प्रीमियर लीग में 400 से अधिक डॉक्टर्स भाग लेंगे। वहीं वीमेन डॉक्टर्स प्रीमियर लीग में भी 100 से अधिक महिला डॉक्टर्स भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि सवाई मानसिंह मेडिकल डॉक्टर्स क्रिकेट प्रीमियर लीग में पिछले साल 16वें संस्करण की पुरूष और महिला विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें पुरूष टीम में सोनी हॉस्पिटल की टीम विजेता और रॉयल ऑर्थों की टीम उपविजेता रही थी। वहीं महिला वर्ग में लीला-आँच टीम विजेता और आशियाना टीम उप विजेता रही थी। पुरूष वर्ग में डॉ. आशीष सैनी को मैन ऑफ द सीरीज अवार्ड से नवाजा गया। वहीं दूसरी ओर महिला वर्ग में वुमैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड डॉ. चांदनी शेखावत को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *