भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा जिले के रंका रोड स्थित साई नेत्रालय एंड हॉस्पिटल चश्माघर में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 45 मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। शिविर के अंतर्गत सभी मरीजों का आधुनिक तकनीक से मोतियाबिंद ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवा, चश्मा और भोजन की भी व्यवस्था की गई। ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर साई नेत्रालय एंड हॉस्पिटल के निदेशक लायन तौकीर अहमद ने बताया कि अस्पताल द्वारा जनहित में इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आंखों से संबंधित बीमारियां, विशेषकर मोतियाबिंद, ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में एक गंभीर समस्या बनी हुई है। समय पर इलाज के अभाव में कई लोग दृष्टिहीनता की ओर बढ़ जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा नियमित रूप से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग लाभान्वित हो सकें। यह निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कार्यक्रम जिला अंधापन नियंत्रण समिति, गढ़वा एवं जन विकास ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है। शिविर में ऑपरेशन करने वाली चिकित्सकीय टीम में अनुभवी नेत्र सर्जन डॉ. ए कुमार शामिल थे। उनके साथ नेत्र सहायक अखलाक आलम, अनुज तिवारी, शशिकांत, मो अयूब, रेहान, अजहर और नीतू ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी चिकित्सकीय टीम ने अत्यंत सावधानी और समर्पण के साथ सभी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कराए। वहीं शिविर के दौरान संस्था के संरक्षक तनवीर अहमद भी मौजूद रहे।


