सूरजपुर | महाशिवरात्रि के अवसर पर गोवर्धन पर्वत दियागढ़ धाम में भजन मेला व विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत गोकुलपुर, पम्पानगर और द्वारिकापुर के मध्य स्थित इस धार्मिक स्थल पर शिव मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से आयोजित हुआ। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक चले भक्ति संगीत कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक एमडी महंत ने शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। आयोजन के दौरान विशाल भंडारे की व्यवस्था रही, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूलन सिंह मरावी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। अध्यक्ष परमेश्वर यादव ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।


