रामानुजनगर-तारा रोड पर चक्काजाम

भास्कर न्यूज | सूरजपुर रामानुजनगर-प्रेमनगर क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली रामानुजनगर-तारा मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। शशि सिंह ने कहा कि यह मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुका है। खराब सड़क और उड़ती धूल के कारण आम नागरिक, व्यापारी और राहगीर हलाकान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन नींद में सोया हुआ है। कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक केवल खोखले आश्वासन ही मिले हैं। इस आंदोलन में केवल राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और व्यापारी भी शामिल हुए। प्रशासन होश में आओ और सड़क निर्माण शुरू करो जैसे नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि जब तक धरातल पर काम शुरू नहीं होगा, विरोध जारी रहेगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यह वर्तमान में केवल एक चेतावनी है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन धरना और उग्र आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री संजय डोसी, इस्माइल खान, मेहंदी यादव, इम्तियाज जाफर, प्रदीप साहू, महेंद्र साहू, अरविंद कुमार यादव, आलोक साहू समेत अन्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *