कुटरा में मेडिकल कॉलेज निर्माण से 150 किसान हो रहे हैं प्रभावित

भास्कर न्यूज | जांजगीर कुटरा गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान किसानों के खेतों तक पहुंचने वाला पारंपरिक मार्ग बंद किया जा रहा है। इस रास्ते पर निर्भर लगभग 150 किसान प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनकी खेती-किसानी और आजीविका पर गंभीर संकट की आशंका जताई जा रही है। सोमवार को 60-70 किसान कलेक्टोरेट पहुंचे और अपनी समस्या अधिकारियों को बताई, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं और पहले भी अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को सहयोग दिया है। लेकिन अब बची हुई निजी जमीन तक पहुंच का मार्ग रोक दिया गया है। किसानों का कहना है कि खेत तक पहुंच बाधित होने से बोनी, कटाई और फसल ढुलाई पर असर पड़ेगा, जिससे परिवारों पर आर्थिक संकट आ जाएगा। गांव के राघवेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि ‘‘कुटरा गांव पहले भी कई कठिन परिस्थितियों से गुजर चुका है, ऐसे में एकतरफा निर्णय उचित नहीं है। किसान ने 20 फीट चौड़ी सड़क बनाने की रखी मांग असंतुष्ट किसान सोमवार को जनदर्शन में अपनी समस्या लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज निर्माण के दौरान उनके खेतों तक आवागमन सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी। किसानों की शिकायत के बाद एडीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से बात कर निर्माण कार्य को दो दिन के लिए रोका जाए। इसके बाद एसडीएम ने तहसीलदार को तुरंत गांव भेजा। तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन तैयार किया। जांच में पाया गया कि पूर्व दिशा का आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा, जबकि पश्चिम दिशा में आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित होगा। इस दौरान ग्रामीणों ने चारों ओर 20 फीट चौड़ी सड़क बनाने की मांग दोहराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *