सब्जी मंडी के सामने नाका पक्का करने और ट्रांसपोर्ट बाहर करने की जरूरत

भास्कर न्यूज | जालंधर मकसूदां सब्जी मंडी और पठानकोट चौक से सिटी में हैवी वाहनों के दाखिल होने पर सुबह 8 से लेकर रात 8 बजे तक नो एंट्री है। उसके बावजूद हैवी व्हीकल सिटी में बिना किसी डर के घुस रहे हैं। इन दोनों पॉइंट्स पर सारा दिन ट्रैफिक पुलिस के मुलाजिम तैनात रहते हैं। लेकिन मुलाजिम हैवी व्हीकलों को रोकते ही नहीं है। खास तौर पर पठानकोट चौक से दोआबा चौक की तरफ बिना किसी रुकावट के घुसते हैं। मकसूदां सब्जी मंडी के सामने 2 दिन पहले एक डिलिवरी ब्वॉय की टिप्पर के नीचे आने से मौत हो गई थी। टिप्पर नो एंट्री में घुस रहा था। हादसे के बाद दो दिन से मकसूदां सब्जी मंडी के सामने पुलिस का नाका भी नहीं लग रहा है। जिस कारण बेधड़क हैवी वाहन सिटी में दाखिल हो रहे हैं। एसपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह ने कहा कि मौके पर जांच करवाएंगे। लेकिन न तो जांच हुई और न ही हैवी वाहनों को सिटी में दाखिल होने से रोका जा रहा है। मकसूदां सब्जी मंडी के सामने अगर पुलिस का नाका लगा भी हो तो कुछ देर के लिए ही हैवी व्हीकलों को रोका जाता है और फिर बाद में सिटी में एंट्री दे दी जाती है। लगातार हादसे होने के बावजूद भी इस पॉइंट्स पर सख्ती नहीं की जा रही है। ट्रांसपोर्ट नगर सिटी से बाहर बना है और बाकी जो ट्रांसपोर्ट पटेल चौक के पास बनी हुई है। उसे प्रशासन बाहर नहीं निकाल रहा है। जिस कारण उन ट्रांसपोर्टरों के ट्रक सिटी में दाखिल होते हैं और उन्हें कोई नाके पर नहीं रोकता है। इन्हें एंट्री लेने से रोकना होगा। दोपहर 3:30 बजे : पठानकोट चौक से दोआबा चौक की और नो एंट्री में जाते ट्रक।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *