भास्कर न्यूज | जालंधर सोढल रोड पर नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर साफ देखा जा सकता है। एक तरफ जहां सड़क निर्माण या उद्घाटन के शिलान्यास का पत्थर बड़े गर्व से चमक रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसी पत्थर के ठीक पास सड़क के बीचों-बीच टूटी सड़क का मलबा और वेस्टेज का ढेर लगा हुआ है। यह मलबा न केवल सड़क की सुंदरता को बिगाड़ रहा है, बल्कि आने-जाने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए भी बड़ी मुसीबत बन गया है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए रात के समय यह ढेर जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ पत्थर लगाकर विकास का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ काम खत्म होने के बाद छोड़े गए इस मलबे को उठाने की जहमत कोई नहीं उठा रहा। प्रशासन से मांग है कि इस वेस्टेज को तुरंत हटवाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।


