भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निशुल्क सोनोग्राफी जांच शिविर लगाया जा रहा है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान आयोजित शिविर में अब तक कुल 889 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच की जा चुकी है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की नियमित निगरानी संभव हो पाई है। सीएमएचओ ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को घर के पास स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स. लोहरा में 203 महिलाओं की जांच की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में दो चरणों में 238 महिलाओं को लाभ मिला। दुर्गम क्षेत्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरेगांव जंगल में 146, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में 144, बोडला में 92 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्फी में 66 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के कारण पहले महिलाओं को समय पर जांच सुविधा नहीं मिल पाती थी। शिविरों के माध्यम से अब गर्भ में शिशु के विकास की समय पर जानकारी मिल रही है। संभावित जोखिम की पहचान कर उपचार संभव हो रहा है। इस पहल से सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सकारात्मक बदलाव आया है।


