रायपुर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रायपुर कमिश्नर और निगम कमिश्नर ने संयुक्त एक्शन प्लान बनाया है। सोमवार को पुलिस और निगम के अधिकारियों ने बैठक लेकर राजधानी की मुख्य सड़कों पर पर अवैध पार्किंग और ठेला-खोमचा लगाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नियम तोड़ने वालों पर एक्शन लिया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ वाहन टोइंग भी की जाएगी। कंट्रोल रूम में अफसरों ने ली बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने अधिकारियों के साथ विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त मौजूद रहे। उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम कर नागरिकों को निर्बाध आवागमन सुविधा देना है। योजना के तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सभी तिराहा-चौराहों से चारों दिशाओं में 50-50 मीटर तक नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू रहेगा। इस क्षेत्र में वाहन खड़ा करने या ठेला लगाने पर तत्काल चालान काटा जाएगा। सर्विस रोड पर ट्रक खड़े करने वालों पर होगी कार्रवाई रिंग रोड नंबर-01 पर टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यहां अवैध पार्किंग पाए जाने पर क्रेन और टोइंग की मदद से वाहन हटाए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके। सभी ऑटोमैटिक सिग्नल वाले चौक पर लेफ्ट टर्न फ्री करने के लिए कांक्रीट ब्लॉक लगाए जाएंगे। पेट्रोलिंग गाड़ी को निगरानी करने के निर्देश बाजार क्षेत्रों को ठेला-खोमचा मुक्त करने के लिए नए वेंडर जोन चिन्हित किए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि पेट्रोलिंग पार्टी लगातार निगरानी रखे। जिससे दोबारा अतिक्रमण न हो। नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि, इस अभियान में रायपुर पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।


