भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर में ट्रैफिक लोड कम करने के लिए पुलिस ने शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध सुबह 9 से रात 9 बजे तक रहेगा। दुर्ग की दिशा से आने वाले भारी वाहन सीआईटी चौराहा से और नागपुर की दिशा से आने वाले वाहन ट्रांसपोर्ट नगर चौक से लखोली बाइपास में डायवर्ट होंगे। एसपी अंकिता शर्मा ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार को लेकर बीते दिनों अफसरों के साथ बैठक ली। इसके बाद ट्रैफिक लोड कम करने और व्यवस्थित आवाजाही के लिए कुछ सर्वे भी किए गए। इसके बाद भारी वाहनों को लखोली बाइपास से आगे बढ़ाने की योजना तैयार की गई। बता दें कि दोनों दिशा से आने वाले भारी वाहन समय बचाने के लिए शहर फ्लाईओवर और सर्विस रोड से भी होकर गुजरते हैं। इससे रामदरबार चौक, आरके नगर चौक, मेडिकल कॉलेज चौक,पेंड्री चौक में ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है। यहां भारी वाहनों की मौजूदगी से हादसों का खतरा रहा है। पूर्व में कई हादसे भी हुए हैं। जिसे देखते हुए यह बदलाव किया गया है। दोनों पाइंट पर जवानों की तैनाती, संकेतक भी लगाए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाते हुए सीआईटी चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौक में ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। जवान दोनों दिशा से आने वाले भारी वाहनों को बाइपास में डायवर्ट करने की जिम्मेदारी संभालेंेगे। इससे वाहन चालकों की मनमानी भी थमेगी। बताया गया कि यह व्यवस्था रात 9 बजे तक लागू रहेगी। यहां डायवर्सन के संकेतक भी लगाए जा रहे हैं। महामाया चौक, नंदई और चिखली रोड पर तैनाती हो भारी वाहनों को बाइपास में डायवर्ट कर ट्रैफिक लोड कम करने का प्रयास किया गया है। इसके बाद अब शहर के नंदई चौक, महामाया चौक और चिखली रोड में भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की जरूरत है। यहां भी गाड़ियों का दबाव अधिक बना हुआ है। लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती नहीं रहती। जिसकी वजह से वाहन चालक मनमाने ढंग से आवाजाही करते हैं।


