बारां में हथियारों के साथ 1 युवक गिरफ्तार:1 नाबालिग भी किया डिटेन, वारदात से पहले दबोचे बदमाश

बारां शहर में एक बड़ी वारदात की साजिश को कोतवाली पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने न्यू मोटर मार्केट शाहबाद रोड क्षेत्र से 1 युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। उसके साथ एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन शस्त्र प्रहार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोतवाली सीआई योगेश चौहान की टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान बंद पड़ी दुकानों के पास 2 संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पूछताछ में एक ने अपना नाम कोटा के अनंतपुरा स्थित कंसुआ निवासी वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। साथ में मिले नाबालिग की तलाशी में एक देसी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह कोटा में निरुद्ध थे। वे 1 फरवरी को 7 अन्य साथियों के साथ वहां से फरार हो गए थे। फरारी के बाद उन्होंने कोटा के अनंतपुरा और बोरखेड़ा क्षेत्र में लूट की कई वारदातों को भी अंजाम दिया था। कोटा पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों बारां में सुपारी लेकर किसी पर फायरिंग करने की फिराक में थे। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र सिंह को न्यायालय में पेश कर जिला कारागृह भेजा गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर संप्रेषण गृह भेजा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *