भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड के पीएम श्री मध्य विद्यालय अरंगी से चावल की अवैध बिक्री संबंधी मामले में प्राप्त जांच रिपोर्ट और प्रभारी द्वारा प्रस्तुत टिप्पणी के आलोक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्येंद्र दास को निलंबित कर दिया है। वहीं विभागीय कार्रवाई शुरू कर दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि विद्यालय से चावल की बिक्री की मंशा से उसे बाहर निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया था। विद्यालय की समस्त गतिविधियों का संचालन प्रधानाध्यापक के जिम्मे होने के कारण इस प्रकरण में उनकी संलिप्तता/लापरवाही से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच में यह तथ्य भी उभरकर सामने आया कि चावल की बिक्री के प्रयास में संबंधित प्रधानाध्यापक की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने और उन्हें निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों के हितों से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके। विदित हो कि प्रधानाध्यापक स्कूल का चावल चार क्विंटल बेचने के लिए बाजार ले जा रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने उन्हें घेर कर विभाग को सूचना दिया था। इसके बाद मामले की जांच कराई गई थी।


