भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगरपालिका (आम) निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने मतदान दलों के रेंडमाइजेशन, बूथ आवंटन, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर पदाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दल, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों की तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही सभी कर्मियों के प्रशिक्षण को समय पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त वाहनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की तथा एफएसटी एवं एसएसटी को पूर्ण रूप से फंक्शनल रखने का निर्देश दिया। सामान्य प्रेक्षकों की उपस्थिति में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में चुनाव व्यय निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक सर्विलांस टीम एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। कोषांगों की कार्यप्रगति की गहन समीक्षा बैठक के दौरान कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि-व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत समेत नगरपालिका निर्वाचन कोषांग के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। मतगणना केंद्र से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। मतदान सामग्री पैकेट शीघ्र तैयार करने का निर्देश सामग्री कोषांग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मतदान दलों को दिए जाने वाले सभी आवश्यक सामग्रियों के पैकेट शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं मीडिया कोषांग को पेड न्यूज पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन हेतु मतपत्रों का विखंडीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।


