हलाली डैम की नहर से सिंचाई पर निर्भर एक दर्जन से अधिक गांवों के किसान परेशान हैं। टेल एरिया में अब तक सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंचा है। इससे सैकड़ों किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। नवंबर से नहर में लगातार पानी की सप्लाई जारी है। लेकिन टेल एरिया तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। आज किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस समस्या का समाधान करने की मांग की। किसान मुकेश कुमार ने बताया कि अभी तक एक ही बार पानी मिला है। दूसरी बार का पानी नहीं मिल पाया है। प्रशासन ने नहर को पांच-पांच दिन के लिए डिवाइड करने का फैसला लिया है। लेकिन किसानों को इससे भी पानी मिलने की उम्मीद कम है। ये क्षेत्र हैं निर्भर
कोटी चार खुर्द, संकलखेड़ा, पीपलखेड़ा, मऊखेड़ी, सीताखेड़ी और दुलाई क्षेत्र की हजारों बीघा जमीन सिंचाई के लिए इस पानी पर निर्भर है। ऊपरी क्षेत्र के किसान तीसरी बार का पानी भी दे चुके हैं। जबकि टेल एरिया के किसानों को अभी दूसरी बार का पानी भी नहीं मिल पाया है। किसानों की मांग है कि उन्हें कम से कम दो बार पानी मिल जाए, जिससे फसल बचाई जा सके।


