जयपुर में गूंजता रहा एडवेंचर और रफ्तार का रोमांच:मिट्टी के ट्रेक पर बाइक रेसिंग का अलग अंदाज, कश्मीर से कन्याकुमारी तक के राइडर्स ने लिया हिस्सा

जयपुर के पास नायला में आयोजित जॉन सिंह स्पीड फेस्टिवल ने दो दिनों तक रफ्तार, रोमांच और साहस का अद्भुत संगम पेश किया। कश्मीर से कन्याकुमारी तक के राइडर्स ने इस प्रतिष्ठित आयोजन में हिस्सा लिया। ‘फादर ऑफ इंडियन ऑफ-रोड मोटरसाइकिल रेसिंग’ कहे जाने वाले जॉन सिंह की जयंती के अवसर पर जयपुर मोटरसाइकिल क्लब ने ‘मोटरेक्स’ और ‘बिग बैड बाइक्स’ के सहयोग से इस दो दिवसीय स्पीड फेस्टिवल का आयोजन किया। तीन रेसिंग श्रेणियों में कुल 48 राइडर्स ने ट्रैक पर अपनी प्रतिभा और हिम्मत का प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि हीरो मोटोकॉर्प ने भी अपनी फैक्ट्री टीम मैदान में उतारी। धूल, स्पीड और स्किल सुबह की डर्ट ट्रैक रेस में फॉरेन क्लास में धृतिमान सिंह ने दोनों मोटो जीतकर अपना दबदबा कायम किया। हीरो टीम के करण कुमार ने कड़ी टक्कर देते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि गोवा के योश्वा लोबो तीसरे स्थान पर रहे। इंडियन एक्सपर्ट क्लास में करण कुमार और काथिरोल सेंथिलकुमार के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें करण विजयी रहे। जयपुर के अनुभवी राइडर रॉकेट चाचा एम. सईद ने अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। नोविस क्लास में काथिरोल का दबदबा रहा। रोहित चौहान और अभय सिंह आछरोल के बीच दूसरे और तीसरे स्थान के लिए जबरदस्त संघर्ष हुआ, जिसमें रोहित ने बढ़त बनाई। हवा में उड़ती बाइकें, व्हील-टू-व्हील जंग दोपहर के मोटोक्रॉस में ट्रैक और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। फॉरेन क्लास में धृतिमान सिंह ने फिर से जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। दूसरे और तीसरे स्थान के लिए हीरो टीम के राइडर्स के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें काथिरोल ने करण को पीछे छोड़ दिया। इंडियन एक्सपर्ट क्लास में करण और काथिरोल के बीच व्हील-टू-व्हील रेसिंग ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। इस बार काथिरोल विजयी रहे। संतोष विश्नोई ने ताहिर गौर को पछाड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। नोविस क्लास में श्रवण शेखावत और रोहित चौहान के बीच बराबरी की टक्कर रही। दोनों के अंक समान रहे, लेकिन मोटो-2 में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर श्रवण को विजेता घोषित किया गया। 20 से अधिक राइडर्स के बीच संघर्ष करते हुए ईशान सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *