कोटा में 25 साल की युवती के साथ भागे 16 साल के नाबालिग को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। नाबालिग को युवती के पिता ने 8 दिन तक बंधक बनाकर रखा। रिश्तेदारों के साथ मिलकर हाथ बांधकर पट्टे से मारपीट की। आरोपियों ने मदद करने वाले पड़ोसियों पर भी पथराव कर दिया। मामला झाालावाड़ के रामगंजमंडी क्षेत्र के हीरयाखेड़ी गांव का है। नाबालिग को गंभीर हालत में झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब मध्य प्रदेश के गुना जिले के सिंग्वासा निवासी युवक अपने भाई-भाभी से मिलने हीरयाखेड़ी आया। उसने देखा कि पड़ोसी के घर में एक नाबालिग को बंधक बनाकर रखा गया है। जिसकी रोजाना बेरहमी से पिटाई की जा रही है। युवक ने मारपीट करने से रोका और फैसला समाज की पंचायत में करवाने या फिर नाबालिग को पुलिस के हवाले करने की सलाह दी। जब आरोपी नहीं माना, तो युवक ने पिटाई का वीडियो बनाकर खैराबाद (रामगंजमंडी) पुलिस चौकी को सूचना दी। पड़ोसी पर किया पथराव
सूचना मिलने पर पुलिस मंगलवार शाम मौके पर पहुंची और नाबालिग को छुड़ाया, लेकिन पुलिस के जाने के बाद नाराज आरोपियों और उनके रिश्तेदारों ने युवक पर पथराव कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर घायल हो गया। घायल पड़ोसी को भी झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अस्पताल चौकी के हेड कॉन्स्टेबल भीम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।


