एक साल से प्रधानमंत्री आवास अधूरे, कलेक्टर ने मांगा जवाब:मूलिया में VDO-लिपिक गायब मिला, गागरवा में महीनों से साइन ही नहीं किए

बांसवाड़ा कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने सोमवार को छोटी सरवन उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया तो कई अनियमितताएं सामने आईं। ग्राम पंचायत मूलिया में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और लिपिक ड्यूटी से नदारद मिले, जबकि गागरवा में वीडीओ लंबे समय से उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर तक नहीं कर रहे थे। एक साल से अधूरा पड़े प्रधानमंत्री आवास और बंद पेयजल पाइपलाइन पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मूलिया में अधिकारी गायब, तुरंत नोटिस के निर्देश निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मूलिया कार्यालय बंद मिला और ग्राम विकास अधिकारी व लिपिक अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक मकान करीब एक साल से अधूरा मिला। कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तथ्य सत्यापन कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। बंद पाइपलाइन और खुला कुआं, प्राथमिकता से सुधार के आदेश ग्राम चांदरोड़ में एक साल से बंद पड़ी पेयजल पाइपलाइन देखकर कलेक्टर ने तत्काल मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। गांव में असुरक्षित खुले कुएं को भी तुरंत साफ कर सुरक्षित बनाने को कहा। गागरवा में भी VDO गायब, महीनों से नहीं किए साइन ग्राम पंचायत गागरवा में भी ग्राम विकास अधिकारी अनुपस्थित मिले। जांच में सामने आया कि उपस्थिति रजिस्टर में लंबे समय से उनके हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर विभागीय जांच के आदेश दिए गए।
जल जीवन मिशन का काम बंद मिलने पर तत्काल शुरू करने और निर्धारित समय सीमा देने को कहा गया। गर्मी को देखते हुए एसडीएम को इमरजेंसी वाटर सप्लाई प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मनरेगा में श्रमिकों की संख्या कम मिलने पर रोजगार सृजन बढ़ाने को कहा। नरेगा भुगतान व पेसा एक्ट पर समीक्षा कलेक्टर ने गढ़ी, अरथुना, आनंदपुरी और गांगड़तलाई पंचायत समितियों का भी दौरा किया। यहां मनरेगा के मटेरियल भुगतान में आ रही तकनीकी व प्रशासनिक दिक्कतों की समीक्षा की गई। गांगड़तलाई में आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर ने पेसा एक्ट की जानकारी देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर हर वित्तीय लेनदेन पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के तहत होना चाहिए। कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने कहा कि जनता से जुड़ी योजनाओं में देरी और अधिकारियों की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सभी काम समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होने चाहिए। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश बसेर सहित कई विकास अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *