दतिया के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में ग्वालियर रोड स्थित खेड़ापति मंदिर के पास सोमवार रात तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर घूम रही गाय को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक समेत दो नाबालिग सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया है, जहां चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। बाइक चालक मेन बाजार से दाल मिल रोड की ओर जा रहा था। वह तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान खेड़ापति मंदिर के पास अचानक सामने आई गाय से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में गाय भी घायल हुई है। चालक और दो सगे भाई घायल हादसे में बाइक चालक जितेश शाक्य (पुत्र चतुर सिंह) और बाइक पर पीछे बैठे दो सगे भाई आदित्य वर्मा (12) और दिव्यांश वर्मा (15) पुत्र राकेश वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। टमटम से अस्पताल पहुंचाया घटना के बाद मौके पर मौजूद वार्डवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को टमटम (इलेक्ट्रिक वाहन) से इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल दतिया रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, बाइक चालक जितेश शाक्य की हालत गंभीर है।


