सिवनी जिले के धनोरा विकासखंड मुख्यालय में महाशिवरात्रि पर्व के दूसरे दिन सोमवार रात्रि में शिव बारात निकाली गई। खेरमाई मंदिर से शुरू हुई यह बारात ग्राम के कई मार्गों से होते हुए झिरा चौक प्रांगण पहुंची। इस दौरान आतिशबाजी और आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। बारात में भगवान शिव की सजीव झांकी, डमरू दल, ढोल-नगाड़े और भूत-पिशाच रूपी गण शामिल हुए। युवाओं ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। धनोरा के प्राचीन शिव मंदिर, झिरा चौक मंदिर और खेरमाई मंदिर सहित नगर के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। खेरमाई मंदिर में भगवान शिव-गौरा को मिष्ठान का भोग अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया। प्राचीन शिव मंदिर में दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत गणेश जी, माता दुर्गा, नंदी महाराज, हनुमानजी और कार्तिकेय सहित अन्य देवी-देवताओं की पूजा के साथ आयोजनों का शुभारंभ हुआ था। झिरा चौक स्थित शिवलिंग का विशेष पूजन और फूलों से श्रृंगार किया गया। धनोरा सिद्ध पीठ शिव मंदिर में रुद्राभिषेक, जलाभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजन-अर्चन संपन्न हुए। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करते नजर आए, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। यहां से निकली बारात सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे। 16 फरवरी की शाम को खेरमाई मंदिर से प्रारंभ हुई बारात सोसाइटी मोहल्ला, थाना के सामने, बाजार चौक, दुर्गा मंदिर चौक, जैन मंदिर चौक और रेंज ऑफिस चौक होते हुए झिरा चौक प्रांगण पहुंची। यहां भगवान शिव एवं माता पार्वती के प्रतीकात्मक स्वरूप का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। 45 पंचायतों के ग्रामीण बने बाराती बारात नगर के भ्रमण में निकली जहां धनोरा विकासखण्ड की 47 ग्राम पंचायतों की कई ग्रामों से आए लोग बाराती बने। रास्तेभर डोल बाजों की धुन में नाचते नजर आए। पुलिसबल रहा तैनात आयोजन को देखते हुए धनोरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ सहित पुलिस बल बाजार चौराहा, रेस्ट हाउस चौक, कहानी रोड चौक सहित अन्य स्थानों में मौजूद रहा, भीड़ को देखते हुए बैरिकेटिंग भी की गई।


