सिंगरौली के खुटार में घर से रसेल वाइपर का रेस्क्यू:एक सप्ताह से परिवार था दहशत में; सर्प मित्र ने जंगल में छोड़ा

सिंगरौली जिले के खुटार इलाके में मंगलवार सुबह एक मकान से लगभग छह फीट लंबे जहरीले रसेल वाइपर सांप का रेस्क्यू किया गया। यह सांप बीते करीब एक सप्ताह से घर के अंदर था, जिससे परिवार दहशत में था। मकान मालिक और उनके परिजन डर के कारण एक सप्ताह से घर में प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। खुटार निवासी अजय कुमार केवट ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले उनकी बेटी ने घर के अंदर सांप को देखा था। इसके बाद परिवार में भय का माहौल बन गया। सभी को उम्मीद थी कि सांप अपने आप बाहर निकल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोमवार शाम जब घर की स्थिति देखने का प्रयास किया गया तो सांप छत पर बैठा दिखाई दिया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। मंगलवार सुबह परिचित सर्प मित्र लक्ष्मण साकेत को इसकी सूचना दी गई। साकेत ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ा। बताया गया कि सांप की लंबाई छह फीट से अधिक थी। रेस्क्यू के बाद सर्प मित्र ने उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। ग्रामीण को सूचना देना चाहिए इस मामले में वन विभाग के एसडीओ के. त्रिपाठी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि विभाग को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई थी। त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि इस तरह से स्वयं सांप पकड़ना खतरनाक हो सकता है और इससे दुर्घटना की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के पास प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद हैं, जिन्हें ऐसी स्थिति में तुरंत सूचित किया जाना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *