सीहोर में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए 19 फरवरी को ‘युवा संगम रोजगार मेला’ आयोजित किया जाएगा। यह मेला डॉ. अम्बेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें स्थानीय और बाहरी राज्यों की कुल 19 कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो करीब 1366 पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी। मेले में वर्धमान फेब्रिक्स, ट्रेडेंट ग्रुप, आयशर कंपनी, एचडीएफसी बैंक, श्रीराम फाइनेंस, स्वर्णा फर्टिलाइजर, एसबीआई लाइफ, पुष्पक एग्रोटेक और एमआरएफ लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। ये कंपनियां अपनी आवश्यकतानुसार युवाओं का चयन करेंगी। अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार का मौका जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा और नए प्रकरण भी तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा, आईटीआई विभाग द्वारा युवाओं को अप्रेंटिसशिप के लिए भी चयनित किया जाएगा। दस्तावेज लेकर पहुंचें रोजगार विभाग ने इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ 19 फरवरी को निर्धारित समय पर मेले में उपस्थित हों।


