सागर जिला अस्पताल में पलंग पर सोता मिला डॉग:वार्ड नंबर-6 का मामला, सिविल सर्जन बोले- सुरक्षा एजेंसी और स्टाफ को नोटिस देंगे

सागर के जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक-6 में मरीजों के पास खाली पलंग पर आवारा डॉग लेटे होने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो किसी परिजन ने रविवार रात के वक्त बनाया है। वीडियो में डॉग आराम से सोता दिख रहा है, जबकि पास में मरीज भर्ती हैं। वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने सुरक्षा एजेंसी और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन ने संज्ञान लिया है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरएस जयंत ने कहा कि एक रात का वीडियो सामने आया है। जिसमें डॉग वार्ड के पलंग पर सो रहा है। यह लापरवाही है। मामले में अस्पताल की सुरक्षा एजेंसी, वार्ड बॉय और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को नोटिस जारी किया जाएगा। अब बंद रहेंगे चैनल गेट सिविल सर्जन ने बताया कि व्यवस्थाएं सुधारने के लिए अब वार्डों के चैनल गेट बंद रहेंगे। वहां चौकीदार तैनात रहेगा। चैनल गेट के अंदर जालीदार गेट रहेगा। ताकि किसी को वार्ड में जाना हो तो वह चौकीदार से गेट खुलवाकर अंदर जा सके। इसके अलावा सिटी स्कैन की ओर लगा चैनल गेट भी बंद रहेगा। इस व्यवस्था से इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। प्रबंधन के दावों की खुली पोल यह वीडियो अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं के दावों की पोल खोल रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वार्ड में मरीजों के भर्ती होने के बावजूद आवारा जानवर बेरोकटोक अंदर घुस रहे हैं और बिस्तरों पर आराम कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *