दतिया के जिगना थाना क्षेत्र में अवैध डीजल-पेट्रोल के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार शाम भीम आर्मी ने चक्काजाम कर दिया। संगठन के जिला अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर भीड़ जुटाई और पुलिस पर अभद्रता के आरोप लगाए। हंगामा बढ़ता देख बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी और आरक्षक के खिलाफ जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इसी के तहत सोमवार शाम जिगना पुलिस ने बिलौनी गांव में धर्मेंद्र अहिरवार की गुमटी पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से करीब 40 लीटर डीजल बरामद किया। थाने पहुंचकर पुलिस से हुई बहस कार्रवाई की खबर लगते ही जिगना निवासी और खुद को भीम आर्मी का जिला अध्यक्ष बताने वाले सुरेंद्र सुनारिया थाने पहुंच गए। चर्चा है कि उन्होंने पुलिस को धर्मेंद्र के खिलाफ कार्रवाई करने से रोका। जब पुलिस नहीं मानी, तो आरक्षक और थाना प्रभारी के साथ उनका मुंहवाद हो गया। वीडियो वायरल कर बुलाई भीड़ सुरेंद्र ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया और जाति विशेष के लोगों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि पुलिस शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि पेट्रोल-डीजल बेचकर अपना घर-परिवार चला रहे लोगों को निशाना बना रही है। इसके बाद भीड़ उदगंवा चौकी पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। SDOP के आश्वासन पर माने भीड़ ने चौकी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा की। उन्होंने थाना प्रभारी व आरक्षक के खिलाफ जांच करने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ और चक्काजाम खोला गया।


