दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत:कपड़ों की दुकान पर काम करता था,पुलिस जांच में जुटी

कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ अफॉर्डेबल योजना में रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति की देर रात दिल्ली–मुंबई रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र अजवानी के रूप में हुई है, जो कंसुआ अफॉर्डेबल योजना का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। थाना उद्योग नगर के एएसआई मोहम्मद अनवर ने बताया कि देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, व्यक्ति रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, और इसके पीछे की वजह क्या रही इन सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल उद्योग नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *