नेशनल हाइवे-44 पर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छौंदा टोल के पास मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मक्का से भरा एक ट्रक (RJ11 GD 8521) अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में हुआ। घटना में ट्रक चालक और हेल्पर को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, ट्रक मालिक दूसरे वाहन में माल शिफ्ट करवा रहे हैं। ट्रक जैसे ही छौंदा टोल क्रॉस करके आगे बढ़ा, अचानक सामने एक गाय आ गई। उसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया। इसमें मक्का के दानों की बोरियां भरी हुई थीं। घटना के बाद ट्रक मालिक ने मौके पर दूसरा ट्रक बुलवाया है, जिसमें माल को अनलोड करके आगे भेजने का काम किया जा रहा है। क्रेन की मदद से रास्ता साफ कराया यह ट्रक ग्वालियर की तरफ से मक्का लोड करके आगरा जा रहा था। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को साइड में करवाया। सिविल लाइन पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू कर दी है। टीआई बोले- सब सुरक्षित हैं सिविल लाइन थाना प्रभारी उदय भान यादव ने बताया, “ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा है, सब सुरक्षित है। कोई जनहानि नहीं है, चालक-हेल्पर मामूली घायल है। अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।”


