एसईसीएल की कटकोना कॉलरी स्थित बंद पड़ी पांच नंबर कोयला खदान को पुनः प्रारंभ करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर के सीएमडी हरिश दुहान ने शनिवार को खदान क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खदान की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा प्रबंधन, तकनीकी व्यवस्थाओं व उत्पादन संभावनाओं की गहन समीक्षा की गई। सीएमडी ने कहा कि पांच नंबर खदान के दोबारा शुरू होने से न केवल यहां उत्पादन आरंभ होगा, बल्कि पांच और एक नंबर दोनों खदानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे क्षेत्रीय कोयला उत्पादन बढ़ेगा और ऊर्जा आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक बीएन झा, सब एरिया मैनेजर सुरेश राम, एरिया सेफ्टी ऑफिसर बीएस परिहार, खान प्रबंधक एचएन चौबे, इंजीनियर मनोज बेलदार, कार्मिक प्रबंधक जान डुंगडुंग, योगेंद्र मिश्रा, संतोष सिंह, विजय कुमार, साई पवन, रमाकांत देवांगन उपस्थित रहे।


