अंबिकापुर | छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. प्रभात मिश्रा ने स्थानीय सर्किट हाउस में जिले के साहित्यकारों की बैठक ली। वे दो दिन के प्रवास पर अंबिकापुर पहुंचे थे। डॉ. मिश्रा ने स्थानीय बोली-भाषाओं के प्रचार-प्रसार व संवर्धन पर विचार साझा करते हुए साहित्यकारों से आयोग को आलेख के माध्यम से सुझाव भेजने का आग्रह किया, ताकि उनके अनुरूप योजनाएं बनाई जा सकें। उन्होंने विलुप्ति के कगार पर पहुंच रही बोलियों के संरक्षण पर विशेष कार्य करने की आवश्यकता बताई और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में जिला समन्वयक राजेश तिवारी सहित डॉ. सुधीर पाठक, रंजीत सारथी, डॉ. अंचल सिन्हा, देवेन्द्र दुबे एवं साहित्यकार बीडी लाल समेत अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।


