मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। देवास जिले में भी छात्र-छात्राएं उत्साह और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। पहले दिन अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र था। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरे खिले हुए थे, उन्होंने बताया कि पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा। अब विद्यार्थी अपने अगले विषय संस्कृत की तैयारी में जुट गए हैं। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नारायण विद्या मंदिर क्रमांक 1 परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले के सभी 101 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल तैनात रहा। 101 केंद्रों पर 23,966 विद्यार्थी पंजीकृत जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, देवास जिले में कुल 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर नियमित और प्राइवेट मिलाकर कुल 23,966 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी के जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों की टीम भी जिलेभर में सक्रिय रही। छात्र बोले- तैयारी अच्छी थी, पेपर भी बढ़िया गया परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई। उत्कृष्ट विद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर समय सीमा के भीतर ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर निकली छात्राओं ने बताया, “जितना हमने पढ़ा था, लगभग वही प्रश्न आए। हमारी तैयारी अच्छी थी, इसलिए पेपर भी अच्छा गया।” जिले में पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।


