ग्वालियर में सिर्फ 30 मिनट में चोर एक सूने घर की कुंडी खोलकर अंदर लॉकर व बक्से में रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए हैं। चोर रूम में रखे तीन मोबाइल फोन भी चोरी कर ले गए हैं। वारदात पुरानी छावनी थाना स्थित लोहार मोहल्ला में सोमवार दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई है। घटना के समय मकान मालकिन पड़ोसी की नई बहू के पहली बार गृह प्रवेश पर गई थी। इधर चोर गिरोह घर की सफाई कर गए। पुलिस ने मंगलवार को जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर के पुरानी छावनी थाना स्थित लोहार मोहल्ला निवासी बसंता माहौर एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। घर में पत्नी 52 वर्षीय प्रेम बाई व अन्य परिजन रहते हैं। सोमवार को प्रेम बाई घर पर अकेली थीं। पड़ोस में किराए पर रहने वाला सतेन्द्र शाक्य की हाल ही में शादी हुई है। वह अपनी नई बहू को पहली बार विदा कराकर घर लाया था। जिस कारण उसके घर पर बहू की मुंह दिखाई व संगीत का कार्यक्रम में था। पड़ोसी की बहू की मुंह दिखाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेम बाई अपने घर पर कुंडी लगाकर दोपहर 2 बजे चली गई थीं। सामने से उनको अपना घर दिख रहा था, इसलिए कोई चिंता की बात नहीं थी। दोपहर 2:30 बजे वह घर पहुंची तो देखा कि कुंडी खुली पड़ी थी। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और घर में चोरी हो चुकी थी। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
यह सामान गया चोरी
पुरानी छावनी थाना पुलिस को मकान मालिक प्रेम बाई माहौर ने बताया कि चोरी की वारदात दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच हुई है। चोरों ने इस दौरान कुंडी खोलकर अंदर प्रवेश किया और बक्से व अलमारी में रखे सोना-चांदी के गहने, 1 लाख रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन चोरी किए हैं। चोरी गए माल की कीमत लगभग चार लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस आसपास CCTV कैमरे खंगाल रही
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। चोर गिरोह का पता लगाने के लिए पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। जिससे फुटेज के आधार पर चोर गिरोह की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने बताया है कि चोरी की घटना हुई है। वारदात दोपहर में हुई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।


