सरगुजा में हत्या, बलात्कार में शामिल 15 अपचारी बालक फरार:प्लेस ऑफ सेफ्टी गार्ड पर हमला कर भाग निकले, 5 पकड़ाए,10 की तलाश कर रही पुलिस

सरगुजा में प्लेस ऑफ सेफ्टी बिशुनपुर से बुधवार रात 15 अपचारी बालक फरार हो गए। अपचारी बालकों ने गार्ड पर हमला कर दिया और परिसर की दीवार फांद कर भाग निकले। घटना की सूचना पर पुलिस ने पांच फरार अपचारी बालकों को पकड़ लिया है। 10 अब भी फरार हैं। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गंभीर अपराधों में निरूद्ध अपचारी बालकों के लिए बिशुनपुर में प्लेस ऑफ सेफ्टी संचालित है। 25 अपचारी बालकों की क्षमता वाले प्लेस ऑफ सेफ्टी में 26 अपचारी बालक निरूद्ध थे। जब रात को खाना खाने के बाद लगभग 9 बजे अपचारी बालकों को अंदर ले जाया जा रहा था, तब यह घटना हुई। गार्ड पर हमला कर भाग निकले
प्लेस ऑफ सेफ्टी के हाउस फादर (प्रभारी) भानू प्रताप ने बताया कि रात में तीन गार्ड तैनात थे। एक गार्ड पर अपचारी बालकों ने हमला कर दिया और आहाता फांदकर 15 अपचारी बालक भाग निकले। जब तक दो अन्य गार्ड मौके पर पहुंचे, वे फरार हो गए थे। रात को ही प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधीक्षक ने इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी। पुलिस ने देर रात ही खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया है। वहीं दो बालक स्वयं वापस प्लेस ऑफ सेफ्टी लौट आए। शेष 10 बालकों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फरार हुए अधिकांश अपचारी बालक कोरिया, सूरजपुर व सरगुजा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्लेस ऑफ सेफ्टी में 14 वर्ष से 18 वर्ष से कम आयु के वे किशोर रखे जाते हैं जो हत्या, चोरी, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में लिप्त रहे हों। इन्हें 18 वर्ष पूर्ण होने पर सेंट्रल जेल भेज दिया जाता है। इसके पूर्व बाल संरक्षण गृृह से अपचारी बालकों के फरार होने की घटनाएं हो चुकी है। प्लेस ऑफ सेफ्टी से फरार होने का यह पहला मामला है। पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *