भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी जगदगुरु रामानंदाचार्य नरेन्द्राचार्य का मंगलवार को नगर में आगमन होगा। वे अंबागढ़ चौकी नगर में आयोजित एक दिवसीय समस्या मार्गदर्शन समारोह में छग व अन्य प्रदेश से आए भक्तों की समस्याओं पर मार्गदर्शन देंगे। जगदगुरु रामानंदाचार्य नरेन्द्राचार्य महाराष्ट्र नाणीजधाम के दक्षिण पीठ के पीठााधीश्वर हैं। रामानंद संप्रदाय भक्त सेवा मंडल छग द्वारा आयोजित समस्या मार्गदर्शन समारोह मंगलवार को सुबह नौ बजे से आरंभ होगा। यह कार्यक्रम नगर के ग्रीन पार्क क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित है। तुम जिओ एवं दूसरों को जीवन दो की प्रेरणा देने वाले जगदगुरु नरेन्द्राचार्य के आयोजन को सफल बनाने के लिए पिछले एक महीने से तैयारियां व प्रचार प्रसार चल रहा है। आयोजक समिति रामानंद संप्रदाय भक्त सेवा मंडल छग से जुडे कार्यकर्ताओं ने बताया कि समस्या मार्गदर्शन में शामिल होने वाले भक्तों का पंजीयन व प्रवेश के लिए पर्ची मंगलवार को सुबह सात बजे से मिलेगा।


