प्रदेश में डीओआईटी का सर्वर डाउन:हॉस्पिटल ओपीडी-आईपीडी और नगरीय निकायों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के काम ठप

प्रदेशभर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी) की तरफ से तैयार सर्वर ठप हो गया। इससे जयपुर समेत कई शहरों के सरकारी हॉस्पिटलों में ओपीडी-आईपीडी सेवाएं प्रभावित हो गई। वहीं नगरीय निकायों में भी आमजन से जुड़े काम-काज जो राजकाज सर्वर पर होते है वह भी थम गए है। जयपुर नगर निगम में भी आज आमजन के जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र से जुड़े काम रूक गए है। सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में आज भी IHMS सर्वर खराब होने से ओपीडी पर्चियां बनाने और जांचों के बिल जनरेशन का काम रूक गया। सर्वर बहुत धीमा चलने से मरीजों और परिजनों को एक-एक पर्ची बनवाने क लिए लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा आईपीडी के काम भी प्रभावित हो रहे है। मरीजों को भर्ती करने से लेकर, छुट्टी देने और दूसरे काम भी सर्वर के खराब होने से धीमी गति से चल रहे है। एसएमएस हॉस्पिटल के प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक ओपीडी पर्ची नहीं बनने के कारण मरीजों को बिना पर्ची बनाए ही डॉक्टर के पास भेजा गया है, ताकि मरीज को उचित परामर्श मिल सके। जयपुर नगर निगम में रूका जन्म, मृत्यु रजिस्ट्रेशन का काम जयपुर नगर निगम में भी ‘’राजकाज” सर्वर के ठप होने और ‘’पहचान’’ पोर्टल का सर्वर ठप होने से जन्म, मत्यु और विवाह के रजिस्ट्रेशन का काम आज सुबह से ठप रहा। नगर निगम रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु विक्रम सिंह ने बताया- सर्वर नहीं चलने से दोपहर करीब डेढ़ बजे तक काम प्रभावित रहा। हालांकि जिन लोगों ने आवेदन किए, उनको ऑफलाइन भरवा कर जमा कर लिए है। डेढ़ बजे बाद सर्वर शुरू होने के बाद उन ऑफलाइन आवेदनों के डाटा ऑनलाइन करने का काम शुरू करवा दिया। ‘’राजकाज” सर्वर बंद होने सरकारी काम-काज भी प्रभावित ‘’राजकाज” सर्वर ठप होने से नगर निगम समेत अन्य विभागों में सरकारी काम भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। नगर निगम जयपुर में ही फायर एनओसी, टेंडर फाइल समेत अन्य काम थम गए। लम्बे समय तक सर्वर बंद रहने के कारण कामकाज नहीं हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *