उदयपुर की गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने अवैध बायो डीजल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 लीटर बायो डीजल जब्त किया है। वहीं, एक टैंकर और एक ट्रक भी जब्त किया है। डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि मुखबिर से खरपीणा गांव में अवैध रूप से बायो डीजल संग्रहण की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी तो हाईवे किनारे एक टैंकर से ट्रक में बायो डीजल भरा जा रहा था। इस पर खेरोदा निवासी टैंकर ड्राइवर गोवर्धनलाल पिता सोहन से कारण पूछा तो वह कोई स्पष्ट जबाव नहीं दे सका। उसे गिरफ्तार करते हुए बायो डीजल सहित दोनों वाहन जब्त किए। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उससे पूछताछ करते हुए आगे जांच जारी है। जिलेभर में एसपी योगेश गोयल के निर्देशन में चोरी और अवैध बायो डीजल के खिलाफ अभियान जारी है जिसके तहत कार्रवाई जारी रहेगी।


