महिला के लिवर से 1 किलो की गांठ निकाली:जेएलएन अस्पताल में 3 घंटे तक चला ऑपरेशन, पेट दर्द से थी परेशान

अजमेर के जेएलएन अस्पताल में 43 साल की महिला के लिवर ट्यूमर का दूरबीन से सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी विभाग ने करीब 3 घंटे में ऑपरेशन कर महिला के शरीर से एक किलो की गांठ निकाली है। महिला पिछले 3 महीने से पेट दर्द से परेशान थी। पति ने जेएलएन अस्पताल में तीन दिन पूर्व भर्ती करवाया था। महिला के सफल ऑपरेशन के बाद अब उसे दर्द से राहत मिली है। मंगलवार को सफल ऑपरेशन की जानकारी जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर अनिल सामरिया, अधीक्षक डॉक्टर अरविंद खरे और उपाध्यक्ष अमित यादव सहित सर्जरी विभाग अध्यक्ष डॉ शिवकुमार बुनकर की ओर से दी गई। महिला मरीज ने सफल ऑपरेशन के बाद कहा- मैं अब बिल्कुल ठीक हूं, यहां पर आकर मेरी जिंदगी बन गई.. बच्चा-बच्ची सब खुश हो गए.. डॉक्टर की पूरी टीम को प्रणाम करके जाऊंगी की जिन्होंने मुझे बचाया और मुझे इसकी कोई आस नहीं थी… जांच करने पर 1 किलो के गांठ मिली डॉ बुनकर ने बताया कि उनके पास 43 साल की महिला इलाज के लिए आई थी। वह 3 महीनों से लगातार पेट दर्द से परेशान थी। पहले कई अस्पतालों में इलाज लिया, लेकिन महिला को दर्द से कोई राहत नहीं मिली थी। महिला का सीटी स्कैन करवाया गया। डॉ बुनकर ने बताया कि रिपोर्ट में पाया कि महिला के लिवर में लगभग 1 किलो की बड़ी गांठ है, जो लीवर के काफी हिस्से को प्रभावित कर चुकी थी। मरीज की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए तुरंत प्रभाव से ऑपरेशन की योजना बनाई गई। इसके बाद दूरबीन से महिला का ऑपरेशन किया गया। 3 सेंटीमीटर का चीरा लगाकर 1 किलो की गांठ निकाली डॉक्टर बुनकर ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान गांठ के साथ लीवर का प्रभावित हिस्सा भी सुरक्षित रूप से निकाला गया। लिवर रिएक्शन अत्यंत जटिल सर्जरी मानी जाती है, इसमें अत्यधिक खून बहने का खतरा रहता है, तथा तकनीकी चुनौतियां अधिक होती हैं। ऑपरेशन के दौरान पित्त की थैली का भी सफलतापूर्वक 3 घंटे में दूरबीन द्वारा ऑपरेशन किया गया। इस दौरान महिला के शरीर पर 3 सेंटीमीटर का चीरा लगाकर 1 किलो की गांठ निकाली गई। अस्पताल में इस प्रकार का लीवर रिसेप्शन पहली बार दूरबीन द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है। ऑपरेशन से पूर्व एनेस्थीसिया विभाग के बीच संपूर्ण मदद ली गई थी। महिला ऑपरेशन के बाद से स्वस्थ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *