दो साल के बच्चे का गोबर-गैस टैंक में शव:कल दोपहर से लापता था, माता-पिता काम करने तमिलनाडु गए थे, दादा-दादी के पास रहता था

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार सुबह एक दो वर्षीय बच्चे का शव उसके घर के बाड़ी में स्थित बंद पड़े गोबर गैस टैंक से बरामद किया गया। बच्चा सोमवार दोपहर से लापता था। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, बरेलीमुंडा गोपालपुर निवासी प्रमोद कंवर ने सोमवार को दर्री थाना में अपने दो वर्षीय पोते हर्ष कंवर के लापता होने की सूचना दी थी। प्रमोद ने बताया कि हर्ष उसके साथ घर पर था और अचानक कहीं चला गया। परिवार ने गांव, खेल के मैदान, पड़ोसियों के घर, कुएं और झाड़ियों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गोबर गैस टैंक के अंदर मिला बच्चे का शव सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मंगलवार सुबह गांव पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घर के आंगन, कुएं और आसपास की झाड़ियों में तलाशी ली। इस दौरान, घर से कुछ दूरी पर बाड़ी में बने गोबर गैस टैंक पर पुलिस का ध्यान गया। टैंक बंद था, लेकिन उसका चैंबर खुला था और उसमें पानी भरा हुआ था। संदेह होने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से टैंक का पानी खाली कराया। पानी कम होने पर मासूम हर्ष का शव टैंक के अंदर मिला। घटना के बाद गांव में भीड़ जमा हो गई। तमिलनाडु कमाने गए थे बच्चे के माता-पिता मृतक हर्ष कंवर के माता-पिता, लक्ष्मी कंवर और उनकी पत्नी, कुछ महीने पहले तमिलनाडु कमाने गए हुए हैं। हर्ष अपने दादा-दादी प्रमोद कंवर के पास रहता था। परिजनों ने बताया कि माता-पिता की योजना थी कि जब वे तमिलनाडु में व्यवस्थित हो जाएंगे, तब हर्ष को अपने साथ ले जाएंगे। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने इस मामले में बताया कि सोमवार को बच्चे के गुम होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाश की गई। मंगलवार को शव बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *