जयपुर के नांगलजैसा बोहरा इलाके में एक जुलाई 2018 की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट में प्लास्टिक के कट्टे से एक शख्स की लाश बरामद हुई। हत्यारों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए न केवल युवक की हत्या की, बल्कि उसकी गर्दन काटकर शरीर से अलग कर दी। यही नहीं मृतक के दोनों पंजों पर दो-दो कीलें भी ठोकी हुई थीं। वारदात का खुलासा सुबह करीब साढे़ छह बजे हुआ। इलाके के मयूर विहार में हर रोज की तरह एक स्थानीय निवासी अपने मकान की छत पर टहलने गया। तभी उसकी नजर उसके घर के पास पड़े एक खाली प्लॉट पर गई। ध्यान से देखा तो खाली प्लॉट में एक प्लास्टिक का कट्टा पड़ा हुआ था,दूर से ऐसा नजर आ रहा था जैसे उसे बांध कर रखा हुआ हो। कट्टे को देखकर उसे संदेह हुआ। संदेह होने पर फौरन पड़ोसियों को इकट्ठा किया। जैसे-तैसे हिम्मत जुटाकर कट्टे के ऊपरी हिस्से को खोला। जैसे ही कट्टे को खोला गया वहां मौजूद लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कट्टे के अंदर एक थैली रखी थी, जिसमें एक व्यक्ति का खून से लथपथ कटा हुआ सिर था। कटा सिर देख लोगों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खाली प्लॉट का मुआयना किया। स्थानीय लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने पूरे कट्टे को खोलकर उसकी तलाशी ली। शख्स की सिर कटी लाश थी। धड़ पर कपड़े नहीं थे। ऐसा लग रहा था कि शरीर से गर्दन को काटकर अलग किया गया। फिर उसे एक अलग थैली में भरकर लाश के साथ ही कट्टे में डाल दिया गया। दोनों पैरों के पंजों पर दो-दो नुकीली कीलें ठोंकी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में साफ हो गया था कि हत्यारों ने वारदात की कहीं और अंजाम दिया और इसके बाद शव ठिकाने लगाने के लिए कट्टे में बांधकर इस प्लॉट में फेंक दिया। पुलिस के सामने कई सवाल थे… कल पार्ट-2 में पढ़िए इन सभी सवालों के जवाब…


