नेशनल हाईवे 343 पर बलरामपुर जिले की सीमा अंतर्गत ग्राम ककना से चांची मोड़ तक सड़क की जर्जर स्थिति से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और निर्माण कार्य के कारण बाइक चालक और पैदल यात्री जोखिम में हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों, ट्रकों और हायवा के लगातार आवागमन से धूल का गुबार उठ रहा है, जिससे सामने का दृश्य अस्पष्ट हो जाता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण के लिए कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन सुरक्षा संकेतक या सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। ग्राम ककना, चारपारा, बरियों और बघिमा के लोग बताते हैं कि उड़ती धूल के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है और कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार द्वारा न गड्ढों की मरम्मत की जा रही है और न नियमित पानी का छिड़काव। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत की जाए, नियमित पानी छिड़काव किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि धूल और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।


