भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर के प्रसिद्ध बाबा जलेश्वर नाथ शिवपुर धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर पहली बार आयोजित शिवपुर महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते रहीं। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भजन संध्या और जागरण रहा। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य प्रदेश और बिहार से आए ख्यातिप्राप्त भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भजन गायक नीलेश मित्तल और उनकी टीम की जादुई प्रस्तुति पर भक्त झूमने को मजबूर हो गए। वहीं, प्रतापपुर के राजेश गुप्ता के जस गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सुबह से ही जलाभिषेक के लिए कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव के जयघोष से शिवपुर धाम की पहाड़ियां गूंजती रहीं। महोत्सव के दौरान निकाली गई धार्मिक झांकियों ने सबका मन मोह लिया। भगवान शिव-पार्वती, गणेश, राधा-कृष्ण और बजरंगबली के स्वरूपों में सजे कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति दी। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने बाबा जलेश्वर नाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। विधायक ने कहा, शिवपुर धाम की महिमा अपार है। इसे भव्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मैं स्वयं पर्यटन मंत्री और जिला प्रशासन से चर्चा कर जल्द ही कार्ययोजना लागू करवाऊंगी।


