राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम अलोर स्थित अपने खेतों में ट्रैक्टर से जुताई करते हुए नजर आईं। धान की दोहरी फसल की तैयारी चल रही है और इसी बीच उन्होंने घंटों तक खेत से जुताई की। उनका कहना है कि मेहनत करने में कोई शर्म नहीं होनी चाहिए, बल्कि श्रम का सम्मान होना चाहिए। देखिए तस्वीरें खेती-किसानी से जुड़ा है परिवार जब उनसे पूछा गया कि सांसद होने के बावजूद खुद खेत में काम क्यों करती हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, हमारा परिवार हमेशा से खेती-किसानी से जुड़ा रहा है। राजनीति में आने से पहले भी हम खेती करते थे और आज भी अपने खेत में सबके साथ मिलकर काम करती हूं। अपना काम करने से कोई छोटा नहीं होता। मुझे अपने लोगों के साथ खेत में काम करके खुशी मिलती है। पहले भी खेत में रोपा लगाते नजर आईं यह पहली बार नहीं है जब वे इस तरह आम लोगों के बीच काम करती दिखी हों। इससे पहले भी उन्हें कभी धान का रोपा लगाते, तो कभी जंगलों में पत्तल तोड़ते हुए देखा गया है। अब ट्रैक्टर चलाते उनका यह अंदाज गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उनका यह व्यवहार उन्हें आम जनता से जोड़े रखता है। सांसद का यह कदम न केवल किसानों के प्रति सम्मान दर्शाता है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी मेहनत और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है।


