सिंगरौली जिले के बैढ़न इलाके में महिलाओं से मारपीट और धमकी देने मामला सामने आया है। खुटार चौकी क्षेत्र में रहने वाले तुलसीदास पटेल ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एसपी और कलेक्टर से न्याय की मांग है। तुलसीदास पटेल ने बताया कि 15 फरवरी की सुबह करीब 11:40 बजे गांव के कुछ लोगों ने उनके घर आकर गाली-गलौज की। जब उन्होंने और उनकी बेटी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपी अक्सर शराब पीकर गांव में विवाद करते हैं और लोगों को पीटते हैं। इस मारपीट का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गया, जिसमें बाप-बेटी को चोटें आती दिख रही हैं। पीड़ित का कहना है कि मेडिकल जांच होने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। बेटी की सुरक्षा को लेकर डर पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी अब फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उनकी नाबालिग बेटी को भी निशाना बनाने की बात कही जा रही है। बेटी को अकेले स्कूल आने-जाने में डर लग रहा है और पूरा परिवार किसी अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ है। पुलिस का आश्वासन नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने खुटार चौकी पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


