देवास में पुलिस पेंशनर्स संघ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें लंबित तीन प्रतिशत महंगाई राहत तत्काल प्रदान करने और प्रस्तावित स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू करने की मांग की गई है। यह ज्ञापन प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह परिहार के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में दिया गया। संघ ने बताया कि प्रदेश के लगभग 5 लाख 50 हजार पेंशनर्स को पिछले आठ माह से तीन प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ नहीं मिला है। जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह राजावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने पेंशनर्स को 1 जुलाई 2025 से तीन प्रतिशत महंगाई राहत बढ़ाकर कुल 58 प्रतिशत कर दी है, लेकिन मध्य प्रदेश शासन ने अब तक केंद्र के समान राहत प्रदान नहीं की है। इससे पेंशनर्स को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रदेश सरकार ने पहले पेंशनर्स के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने पर विचार किया था। प्रस्तावित योजना के तहत पेंशनर्स से प्रीमियम राशि लेकर 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की बात कही गई थी। इसे कैबिनेट से स्वीकृति दिलाकर लागू करने का आश्वासन भी दिया गया था। पुलिस पेंशनर्स संघ ने मांग की है कि लंबित महंगाई राहत का भुगतान जल्द किया जाए और स्वास्थ्य बीमा योजना को तत्काल कैबिनेट से स्वीकृति देकर लागू किया जाए, ताकि वृद्ध पेंशनर्स को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सहायता मिल सके। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पेंशनर्स आगे की रणनीति तय करने को बाध्य होंगे।


