18 फरवरी से शुरू होगी सतनाम सद्भाव पदयात्रा:गुरु खुशवंत साहेब पांच दिनों तक करेंगे पदयात्रा, समानता और समरसता का दिया जाएगा संदेश

छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के गुरु खुशवंत साहेब 18 फरवरी से पांच दिवसीय सतनाम सद्भाव पदयात्रा पर निकलेंगे। यह पदयात्रा राजधानी रायपुर के आदर्श नगर मोवा स्थित सतनाम भवन से सुबह 8 बजे प्रारंभ होगी। 22 फरवरी तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य समाज में समानता, सद्भाव और समरसता का संदेश फैलाना है। यह पदयात्रा पवित्र धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के सानिध्य में आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सफेद वस्त्र और सफेद ध्वज के साथ बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग पदयात्रा में शामिल होंगे। गांव-गांव जायेगे गुरु खुशवंत पहले दिन 18 फरवरी को पदयात्रा सतनाम भवन से निकलकर जैतखाम और गुरुगद्दी की ओर बढ़ेगी तथा सेमरिया, दोंदेखुर्द और दीदेंकला होते हुए सारागांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। दूसरे दिन यात्रा बंगोली, खरोरा, कनकी और भैसा से होते हुए भंडारपुरी पहुंचेगी। तीसरे दिन भटिया, खोरसी सण्डी, कोदवा, गिर्रा और घोटिया होते हुए पलारी पहुंचा जाएगा, जबकि चौथे दिन अमेरा, सकरी, बलौदाबाजार और पनगांव होते हुए लवन में विश्राम किया जाएगा। पदयात्रा का समापन 22 फरवरी को कसडोल, छाछी, कटंगी, अमोदी, मटिया और मड़वा होते हुए होगा, जहां प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके साथ ही प्रसिद्ध गिरौदपुरी मेला का तीन दिवसीय आयोजन भी प्रारंभ होगा, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *