पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों के बाहर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले नौजवानों का चालान किया गया। इसके तहत शुक्रवार दोपहर बाद डीएसपी राजन पाल की निगरानी में स्कूल कॉलेजों के आसपास नाकाबंदी की गई। जानकारी के मुताबिक, जिला पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि स्कूल कॉलेजों के आसपास कुछ नौजवानों द्वारा लड़कियों के साथ हुल्लड़बाजी की जा रही है। जिसके तहत एसएसपी डॉक्टर प्रज्ञा जैन की दी गई हिदायत के मुताबिक, डीएसपी राजन पाल की निगरानी में फरीदकोट के सेठी चौक ,घोड़ा चौक समेत अन्य स्थानों पर विशेष नाकाबंदी करते हुए वाहनों की जांच की और नौजवानों को चेतावनी दी। डीएसपी राजन पाल ने बताया कि हुल्लड़बाजी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुहिम के तहत बिना डॉक्यूमेंट और लाइसेंस के वाहन चला रहे नौजवानों के चालान भी काटे गए हैं और नए नियमों के मुताबिक उनके अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुहिम के दौरान तकरीबन 25 वाहनों के चालान काटे गए हैं और कुछ वाहनों को थाने में बंद करवाया गया है।


