तालेड़ा में डॉग पीड़ित छात्रा के लिए न्याय की मांग:ठोस कार्रवाई नहीं होने पर एसडीएम ऑफिस के बाहर 2 घंटे तक प्रदर्शन

बूंदी के तालेड़ा एसडीएम ऑफिस में मंगलवार को ग्रामीणों ने डॉग बाइट पीड़ित छात्रा के लिए न्याय की मांग को लेकर दो घंटे से अधिक समय तक धरना दिया। इस धरने का नेतृत्व भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन तालेड़ा ने किया, जिसमें छात्रा के पिता नरेश सेन, परिजन और अन्य ग्रामीण शामिल थे। यह मामला तालेड़ा उपखंड के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बरूंधन में 12 फरवरी को हुई घटना से संबंधित है। इस दिन एक स्ट्रीट डॉग ने 9 वर्षीय छात्रा पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी पसलियां टूट गईं और शरीर पर 20 से अधिक घाव हो गए। घटना के बाद से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। छात्रा के पिता नरेश सेन ने तालेड़ा थाने में संस्था प्रधान और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए रिपोर्ट दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपखंड अधिकारी द्वारा की गई जांच को भी ‘गोलमोल’ बताकर जिला प्रशासन को भेज दिया गया, जिससे ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई। धरने के दौरान ग्रामीणों ने उपखंड प्रशासन, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना दोपहर 1 बजे शुरू हुआ। लगभग एक घंटे बाद उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचीं और तालेड़ा थानाधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *