प्रतापपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत:खड़ी ट्रैक्टर से टकराई बाइक, पत्नी-बहन घायल; इलाज कराने जा रहे थे सभी

चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। कौरा-घोरीघाट मुख्य पथ पर बारेबांध के समीप एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। रानीगंज जाते वक्त हुआ हादसा मृतक की पहचान बिहार के सोहैल थाना अंतर्गत सेवती टोला (नौखिला) निवासी सनोज भारती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सनोज अपनी पत्नी कविता देवी और बहन रिंकू देवी को बाइक पर बिठाकर इलाज के लिए रानीगंज जा रहा था। भरही बारेबांध के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घोरीघाट के पंचायत समिति सदस्य के पति राजन कुमार ने तीनों घायलों को निजी वाहन से प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया। घायल चतरा सदर अस्पताल रेफर सनोज की पत्नी कविता और बहन रिंकू की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस हादसे के बाद सनोज के परिवार में उसकी पत्नी और चार छोटे बच्चों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे असुरक्षित तरीके से खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *