नेशनल हाईवे 343, अंबिकापुर-गढ़वा मुख्य मार्ग की दुर्दशा के विरोध में कांग्रेसियों के साथ ग्रामीणों ने मंगलवार को रनपुर में डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया। नेशनल हाईवे में गड्ढों एवं उड़ती धूल के कारण लगातार मार्ग में हादसे हो रहे हैं। चक्काजाम स्थल पर पहुंचे नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने 10 दिनों में गड्ढों को भरकर सड़क सुधारने एवं पानी छिड़काव का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। नेशनल हाईवे 343 के नवनिर्माण के लिए दो हिस्सों में टेंडर हो चुका है एवं वर्क आर्डर ठेकेदार को जारी कर दिया गया है। अंबिकापुर से पाढ़ी तक सड़क निर्माण का कार्य अत्यंत धीमा है। निर्माण के दौरान सड़क मरम्मत का कार्य भी स्वीकृत किया गया है, लेकिन अंबिकापुर से राजपुर के बीच सड़क चलने लायक नहीं बची है। सड़कों में गड्ढों एवं उड़़ती धूल के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। डेढ़ घंटे प्रदर्शन, लगी गाड़ियों की लाइन
कांग्रेस ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ दोपहर में नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सड़क में उड़ती धूल के कारण कांग्रेस मास्क लगाकर चक्काजाम में बैठे। कांग्रेस प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क में गड्ढों एवं धूल के कारण आए दिन हो रहे हादसों में लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। प्रतिदिन हजारों लोगों को अंबिकापुर आने-जाने में समस्या का सामना करना पड़ता है। मौके पर पहुंचे नेशनल हाईवे के एसडीओ निखिल कुजूर द्वारा आश्वासन दिया गया कि आज से धूल से निजात दिलाने दो टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जाएगा। 10 दिन में सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे और निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। पेयजल की समस्या को लेकर प्रदर्शन
ग्रामीणों द्वारा तीन गांवों में पेयजल की समस्या भी रखी गई। यहां जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन टंकी का काम पूरा नहीं हो सका है। पीएचई के ईई ओमकार सिंह ने बताया कि करीब साल भर में जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण होगा और बांक डैम से पानी का सप्लाई होगी। इस दौरान ग्राम असोला ,रनपुर,देवगढ़,सोनपुर में अप्रैल तक कुछ बोरिंग कराकर पेयजल की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रदर्शन में ये रहे शामिल
चक्काजाम एवं प्रदर्शन में शैलेंद्र प्रताप सिंह, निखिल विश्वकर्मा, सौरभ फ़िलिप, आशीष शील, तरण बाबरा, प्रिंस विश्वकर्मा, वैभव पांडेय, ज्ञान तिवारी, निकेश यादव, सरपंच असोला दीपक पैकरा सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।


