बिलासपुर जिले के तखतपुर थाने से चेन स्नेचिंग का आरोपी फरार हो गया। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में रखा गया था। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजना था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने बाथरूम जाने के लिए हथकड़ी खोला, तब वो मौका पाकर भाग निकला। आरोपी की सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। तखतपुर थाना क्षेत्र बेलपान में माघी मेला चल रहा है। रविवार को मेले में चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद टीआई विवेक पांडेय अपनी टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। पूछताछ के बाद हुलिए के आधार पुलिसकर्मियों के साथ टीआई ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया। जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। आरोपी मोहन कोल ग्राम नेवरा का रहने वाला है। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेकर थाने में रखा गया था। बाथरूम जाने खुलवाया हथकड़ी, चकमा देकर हुआ फरार सुबह उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी थी। इस दौरान थाने में तैनात आरक्षक सुरेंद्र डहरिया उसकी सुरक्षा में था। आरोपी ने आरक्षक से बोला कि उसे बाथरूम जाना है। इस बहाने उसने हथकड़ी खुलवाई, जिसके बाद मौका पाकर वो फरार हो गया। टीआई को बताए बिना ढूंढते रहे पुलिसकर्मी आरोपी के थाने से फरार होने के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पहले आरक्षकों ने आरोपी को ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन, जब वो नहीं मिला तो टीआई विवेक पांडेय को घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह को आरोपी के फरार होने की सूचना दी। इससे नाराज एसएसपी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हथकड़ी खोलने वाले आरक्षक सुरेंद्र डहरिया को सस्पेंड कर दिया है।


