एसआईआर में फार्म 7 का उपयोग कर हजारों मतदाताओं के नाम कटवाने के संगठित प्रयास के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने यह मांग की है कि फार्म 7 का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं का नाम कटवाने वाले तत्वों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि एसआईआर की प्रक्रिया के दूसरे चरण में दावा-आपत्ति के दौरान अंतिम समय में भाजपा से जुड़े लोगों के द्वारा पूरे जिले में फार्म 7 का दुरुपयोग करते हुए हजारों लोगों के नाम कटवाने के लिए आपत्ति दर्ज की है। अंबिकापुर शहर में 1143 नाम को कटवाने का आवेदन यह कहते हुए दिया गया कि यह मतदाता मौजूद नहीं है। इसकी शिकायत जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में की गई। अल्पसंख्यकों के नाम काटने की साजिश
कांग्रेस ने शिकायत में बताया है कि जिनके नाम काटने फार्म 7 भरा गया है उनमें निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के भाई रफी अहमद, पार्षद कलीम अंसारी के पुत्र और भतीजा, पार्षद हसन खान और उनकी पत्नी, पूर्व पार्षद नुजहत फातिमा जैसे नाम शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फार्म 7 में गलत जानकारी देते हुए पूरे जिले के अल्पसंख्यकों को लक्ष्य करकर संगठित रूप से नाम कटवाने का आवेदन दिया था। जानबूझकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने झूठी जानकारी का शपथ पत्र देते हुए वैध मतदाताओं का नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक से चर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने यह मांग की है कि संबंधित मतदान केंद्र के ठस्। की मौजूदगी में नाम कटवाने के लिए भाजपाइयों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। अगर भौतिक सत्यापन में यह पाया जाता है कि नाम काटने के लिए प्रस्तुत आवेदन गलत जानकारी पर आधारित हैं तो ऐसे आवेदन को देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध FIR दर्ज की जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि बिना भौतिक सत्यापन के ड्राफ्ट सूची में मौजूद किसी भी मतदाता का नाम विलोपित नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा सहित हेमंत सिन्हा, मो इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, राशिद अहमद , शैलेंद्र सोनी, जमील खान, हसन खान ,मेराज रंगरेज, गुरूप्रीत सिंह, जीवन यादव, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया एवं बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाता मौजूद थे। थानों में दर्ज कराएंगे अपराध
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पार्टी के सभी बूथ लेबल एजेंट सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को इन फर्जी आवेदनों के विरोध में थानों में अपराध दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जिलेभर में इसकी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। पुलिस के द्वारा कटे गए सनहा के आधार पर फर्जी फार्म 7 प्रस्तुत करने वाले भाजपाइयों के विरुद्ध जल्द ही न्यायालय में परिवाद की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।


