रायपुर एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली से आए ठगों ने शहर के करेंसी टॉवर में बाकायदा ऑफिस खोलकर बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाया। आरोपियों ने खुद को एयरपोर्ट से जुड़ी भर्ती एजेंसी का अधिकारी बताकर ग्राउंड स्टाफ, सिक्योरिटी और कस्टमर सर्विस जैसे पदों पर नियुक्ति का झांसा दिया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज देकर पैसे ऐठे और फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों का नाम पुलिस द्वारा एलिसा दास और आरोपियों का नाम कोणाल किशोर, विशाल, वीर बताया जा रहा है। आरोपियों के सिंडिकेट में युवतियां भी शामिल थी। पढ़े क्या है पूरा मामला शिकायतकर्ता एलिसा दास ने पुलिस को बताया, कि रायपुर एयरपोर्ट में ग्राउंड स्टाफ की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर दिए नंबर पर संपर्क किया, तो कॉल उठाने वाले व्यक्ति ने करेंसी टॉवर स्थित कार्यालय में बुलाया। इंटरव्यू, रजिस्ट्रेशन और ट्रेनिंग के नाम पर 22 हजार से ज्यादा रुपए ले लिए। आरोपियों ने लेटर देकर फरवरी महीने में आने के लिए कहा। लेटर देकर पीड़ित पहुंचा तो कार्यालय बंद मिला। पीड़ित ने आरोपियों का फोन किया तो उनका नंबर बंद बताया। पीड़ित ने आरोपियों की शिकायत तेलीबांधा पुलिस से की है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा तेलीबांधा थाना के प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक जांच में सामने आया है, कि पीड़ितों के साथ ठगी करने वाले आरोपी दिल्ली के थे। आरोपियों ने ऑफिस किससे किराए में लिया? कितने लोंगो से ठगी की है? इसका पता लगाया जा रहा है। जांच अधिकारियों के अनुसार पीड़ितों की संख्या और ठगी की राशि में इजाफा हो सकता है।


