भिंड जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय दलित किशोरी के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती को जबरन खेत में बनी अपनी कोठी पर ले जाकर दुष्कर्म किया और उसे रातभर वहां कैद रखा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया है। फोन कर बुलाया, फिर कोठी पर ले गया पीड़िता की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी विष्णु महंत ने रविवार रात करीब 8 बजे उसे फोन कर छत्रीबाग बुलाया था। वहां पहुंचने पर आरोपी उसे डरा-धमकाकर जबरदस्ती अपने खेत की कोठी पर ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया और उसे जान से मारने की धमकी देकर रातभर वहीं बंद रखा। पिता ने ढूंढते हुए पहुंचकर छुड़ाया सोमवार सुबह जब पीड़िता के पिता उसे तलाशते हुए खेत की तरफ पहुंचे, तो युवती ने पिता की आहट पाकर चिल्लाना शुरू कर दिया। बेटी की आवाज सुनकर पिता वहां पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर आलमपुर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। महिला अधिकारी के इंतजार में दर्ज होने में हुई देरी हैरानी की बात यह है कि लहार तहसील में कोई महिला पुलिस अधिकारी तैनात न होने के कारण मामला दर्ज करने में समय लगा। नियमानुसार महिला संबंधी अपराधों में महिला अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य होती है, इसलिए भिंड से महिला पुलिस अधिकारी के पहुंचने के बाद ही मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई। थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया- आरोपी विष्णु महंत के खिलाफ BNS की धारा 64(1), 351(3), पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


